
- संसार में कोई भी वस्तु भगवान से अलग नहीं : आचार्य राधेश
सुल्तानपुर, धनपतगंज। क्षेत्र के मनीपुर पटना गांव गिरजा प्रसाद शुक्ला जी के आवास पर चल रहे श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन कथा व्यास आचार्य राधेश शास्त्री जी महाराज ने भगवान कृष्ण के जन्म एवं लीलाओं की कथा सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।जिले की सांसद मेनका गांधी ने भी श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया और कथा व्यास का आशीर्वाद लिया
उन्होंने कहा कि भगवान संसार से जुड़े भी हैं और अलग भी हैं। आकाश में बादल रहता है। और बादल के अंदर भी आकाश तत्व है। बादल के गायब होने पर भी आकाश गायब नहीं होता। इसी तरह संसार गायब होने पर भी परमात्मा गायब नहीं होते। संसार की कोई भी वस्तु भगवान से अलग नहीं है।कथा व्यास ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के घरों से माखन चोरी की। इस घटना के पीछे भी आध्यात्मिक रहस्य है। दूध का सार तत्व माखन है। उन्होंने गोपियों के घर से केवल माखन चुराया अर्थात् सार तत्व को ग्रहण किया और असार को छोड़ दिया। प्रभु हमें समझाना चाहते हैं कि सृष्टि का सार तत्व परमात्मा है। इसलिए असार यानी संसार के नश्वर भोग पदार्थों की प्राप्ति में अपने समय, साधन और सामर्थ को अपव्यय करने की जगह हमें अपने अंदर स्थित परमात्मा को प्राप्त करने का लक्ष्य रखना चाहिए। इसी से जीवन का कल्याण संभव है।

कथा व्यास ने बताया कि वास्तविकता में श्रीकृष्ण केवल ग्वाल-बालों के सखा भर नहीं थे, बल्कि उन्हें दीक्षित करने वाले जगद्गुरु भी थे। श्रीकृष्ण ने उनकी आत्मा का जागरण किया और फिर आत्मिक स्तर पर स्थित रहकर सुंदर जीवन जीने का अनूठा पाठ पढ़ाया।
इस अवसर पर मुख्य यजमान गिरिजा प्रसाद शुक्ला- धर्मपत्नी गायत्री शुक्ला, देवी प्रसाद शुक्ला-धर्मपत्नी जय कुमारी, शैलेंद्र कुमार शुक्ला धर्मपत्नी सर्वा देवी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारीं सांसद मेनका संजय गांधी, शशिकांत पांडेय, एवं रणजीत कुमार सांसद प्रतिनिधि,राजेश पाण्डेय आदि गणमान्य महराज जी को माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।