Sunday, April 20, 2025
Light
Dark

लखनऊ में G-20 ब्रांड एम्बेसडर व स्क्वाड्रन लीडर तूलिका रानी को मिला लखनऊ सिटी आइकन अवार्ड….

  • लखनऊ में स्क्वाड्रन लीडर तूलिका रानी लखनऊ सिटी आइकन अवार्ड से हुई सम्मानित
  • रेडियो सिटी एफएम ने दिया सिटी आइकन अवार्ड।
  • डिजिटल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव के विषय में जागरूकता के प्रसार हेतु ‘रील बनाम रियल’ विषय पर चर्चा

लखनऊ।सेंट्रम होटल के भव्य सभागार में रेडियो सिटी एफएम चैनल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में रेडियो सिटी ने लखनऊ की प्रतिष्ठित स्क्वाड्रन लीडर तूलिका रानी को लखनऊ सिटी आइकन अवार्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें जिलाधिकारी लखनऊ सूर्य पाल गंगवार (आई ए एस) की तरफ से प्रदान किया गया। तत्पश्चात रेडियो सिटी द्वारा डिजिटल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव के विषय में जागरूकता के प्रसार हेतु ‘रील बनाम रियल’ विषय पर चर्चा भी की गई।

  • डिजिटल मीडिया के एडिक्शन से बचे युवातूलिका रानी

जिसमें पैनलिस्ट के रूप में स्क्वाड्रन लीडर तूलिका रानी ने कबीर के सारगर्भित दोहे, ‘जिन खोजा तिन पाईया गहरे पानी पैठ’ को दोहराते हुए कहा कि सतह की बजाय सदैव गहराई में जाकर बातों को समझने का प्रयास करना चाहिए। ध्यान रहे कि मीडिया में जिन सफल व्यक्तियों का चित्रण किया जाता है, वह वहाॅं वर्षों के निरंतर, गहन परिश्रम द्वारा पहुंचे हैं।सफलता के एक क्षण के लिए सालों का अथक प्रयास लगता है। जैसे कि भारतीय वायु सेना की वर्दी पहनने से पहले उन्होंने एक साल का कठिन प्रशिक्षण पूर्ण किया जाता है। एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने व आधा घंटा रहने के लिए उन्होंने तीन साल ट्रेनिंग की थी। डिजिटल मीडिया के एडिक्शन से बचने का उन्होंने उपाय दिया कि प्रातः काल में ही अपने दिनभर के लक्ष्य निर्धारित कर लें और उन्हें टिक करते रहें, यह आपको और भी अधिक लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगा तथा रील्स देखने पर अनावश्यक समय लगाने से बचना चाहिए।

  • यूपी की G-20 ब्रांड एम्बेसडर है तूलिका रानी

ज्ञात हो कि स्क्वाड्रन लीडर तूलिका रानी वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की G-20 ब्रांड एम्बेसडर हैं। वह एक पूर्व वायु सेना अधिकारी, पर्वतारोही, अंतरराष्ट्रीय प्रेरणादाई वक्ता, लेखिका तथा असिस्टेंट प्रोफेसर भी हैं। उत्तर प्रदेश से माउंट एवरेस्ट पर सफल आरोहण करने वाली प्रथम महिला तथा एशिया के सर्वोच्च ज्वालामुखी ईरान स्थित माउंट दामावंद पर तिरंगा फहराने वाली प्रथम भारतीय महिला हैं। भारत,नेपाल,भूटान, रूस,ईरान,अफ्रीका आदि देशों में कुल 24 पर्वतारोहण और ट्रैकिंग अभियान कर देश का गौरव बढ़ा चुकी हैं। वायु सेना में बतौर सैन्य प्रशिक्षण अधिकारी उन्होंने भारत की प्रथम तीन महिला फाइटर पायलट सहित सैकड़ों अधिकारियों को सैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया है। 2022 में उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनावों में चुनाव आयोग के वोटर जागरूकता अभियान स्वीप की ब्रांड एंबेसडर भी रह चुकी हैं।

उनकी पुस्तक Beyond That Wall को साहित्य श्री तथा यंग राइटर अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार सहित कुल 18 पुरुस्कारों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। TEDx सहित 350 से अधिक मोटिवेशनल व्याख्यान दे चुकीं स्क्वाड्रन लीडर तूलिका रानी अपने व्याख्यानों,कविताओं, पुस्तकों एवं लेखन द्वारा युवा पीढ़ी को सकारात्मकता, आस्था, विश्वास, एवं परिश्रम द्वारा अपनी प्रतिभा का उपयोग कर राष्ट्र एवं मानवता के लिए जीने की प्रेरणा देती हैं। देश को उनके जैसी बेटियों पर गर्व है। तूलिका ने सम्मान के लिए आर जे विक्रम, आर जे राशि सहित रेडियो सिटी की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के समक्ष जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे सही रोल मॉडल्स प्रस्तुत करते हैं।