सुल्तानपुर। निराश्रित और बीमार पशुओं की सेवा में जुटी संस्था एसपीसीए को बड़ी राहत मिली है। समाजसेवी राम प्रकाश मिश्रा ‘दधीचि’ ने संस्था को हाई पावर मोटर से संचालित इलेक्ट्रिक चारा मशीन दान स्वरूप भेंट की। इस पहल से आश्रय स्थल पर रह रहे पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था अब और सुगम और त्वरित हो सकेगी।
एसपीसीए परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान श्री मिश्रा स्वयं उपस्थित हुए और मशीन संस्था के पदाधिकारियों को सुपुर्द की। संस्था के संरक्षक प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि पिछले कई दिनों से चारा काटने में कठिनाई आ रही थी और मशीन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। जैसे ही इस संबंध में समाजसेवी ‘दधीचि’ को जानकारी दी गई, उन्होंने तत्परता दिखाते हुए हाई पावर मोटरयुक्त इलेक्ट्रिक चारा मशीन उपलब्ध करा दी।

उन्होंने कहा कि यह सहयोग न केवल पशुओं की देखभाल को बेहतर बनाएगा, बल्कि समय और श्रम की भी बचत करेगा। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्री मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे पशु सेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय कदम बताया।
इस अवसर पर जीतेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. पवन सिंह, योगेश यादव, दीपक मिश्रा, दीपंकर शर्मा, आलोक गर्ग, शिव प्रसाद यादव, कुणाल पांडेय, ब्रजेश उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








