Saturday, August 1, 2026
Light
Dark

डीएम शशांक त्रिपाठी ने लिया एक्शन:- बीकापुर के लेखपाल सर्वेश कुमार मिश्र को किया सस्पेंड

अयोध्या ( दस्तक भारत न्यूज)।जिले में राजस्व मामले में अब लापरवाही बर्दाश्त नही होगी। डीएम शशांक त्रिपाठी ने बीकापुर तहसील में प्रशासनिक कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने वाले क्षेत्रीय लेखपाल सर्वेश कुमार मिश्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

एसडीएम बीकापुर संतोष कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मधुसूदन मिश्र, निवासी ग्राम असकरनपुर, तहसील बीकापुर द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि गाटा संख्या 419 (रास्ता भूमि) पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित लेखपाल द्वारा प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई न करते हुए गलत ढंग से धारा-67 की कार्यवाही की गई तथा अपने कार्यकाल के दौरान अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।जांच के दौरान यह भी पाया गया कि वर्तमान लेखपाल क्षेत्र दयालजोत के अंतर्गत राजस्व ग्राम सफीपुर में गाटा संख्या 184 (नाली) एवं गाटा संख्या 179 (चकमार्ग) पर भी अवैध अतिक्रमण होने के बावजूद तत्कालीन क्षेत्रीय लेखपाल सर्वेश कुमार मिश्र ने आवश्यक कार्रवाई नहीं की। जबकि ग्राम सभा की भूमि, सार्वजनिक मार्ग, नाली एवं चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखना क्षेत्रीय लेखपाल का प्राथमिक दायित्व है।तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत जांच आख्या मे सर्वेश कुमार मिश्र को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर एसडीएम बीकापुर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

विभागीय जांच की निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नायब तहसीलदार शाहगंज को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि नियमानुसार आरोपपत्र तैयार कर विभागीय जांच शीघ्र पूर्ण करते हुए अपनी जांच आख्या प्रस्तुत करें। निलंबन अवधि में श्री सर्वेश कुमार मिश्र को रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय, तहसील बीकापुर से अटैच किया गया है।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मामलों, ग्राम सभा की भूमि एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।