Sunday, June 8, 2025
Light
Dark

सुल्तानपुर में उल्टा राज:-जहा अतिक्रमण वहाँ प्रशासन मेहरबान,खुली सड़कों पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान..

खुली सड़कों पर चका अतिक्रमण हटाओ अभियान…

सुल्तानपुर।शहर के अतिक्रमित इलाकों को छोड़कर प्रशासन ने लखनऊ बलिया और प्रयाग अयोध्या राजमार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया है।फिलहाल यह अभियान सफल होगा या कागजी खानापूर्ति बाद में पता चलेगा।बताया जा रहा है कि शनिवार से लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए कई टीमें गठित की गई।जो पयागीपुर से गोलाघाट और अमहट से बस स्टेशन के बीच चलने का फैसला लिया गया है। वाहनों से अनाउंस कराए जा रहे हैं।

पीडब्ल्यूडी,नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर दी गई है।अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज सिंह इसका नेतृत्व करेंगे। हालांकि चौक घंटाघर क्षेत्र, गंदा नाला रोड, बाधमंडी से पंच रास्ता, बस स्टेशन से गोलाघाट और जिलाधिकारी आवास से दीवानी चौराहे तक दिन भर जाम लगा रहता है। लेकिन अतिक्रमण हटाओ अभियान में यह अति व्यस्त इलाके चयनित ही नहीं किए गए हैं। ऐसे में अतिक्रमण हटाओ अभियान की सार्थकता पर ही सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

उधर एडीएम प्रशासन पंकज सिंह कहते हैं कि सबसे पहले यह अभियान पयागीपुर से गोलाघाट और अमहट से बस स्टेशन के बीच चलाने के लिए नगर पालिका,पुलिस विभाग, पीडब्ल्यूडी और प्रशासन की संयुक्त टीम तैयार की गई है।पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को अवैध अतिक्रमण पर नोटिस देने और निशान लगाने की हिदायत दी गई है।

पहले रसूखदार व्यापारी व अन्य पर कार्यवाही हेतु साहस दिखाए प्रशासन : वरुण

प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण मुक्त अभियान के दोहरे मानक पर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व पूर्व नगरपालिका चेयरमैन प्रत्याशी वरुण मिश्र ने कड़ा एतराज़ जताया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को गरीब ठेले वाले तो दिख रहे हैं परंतु बड़े रसूखदारों के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और होटल्स नही दिख रहे हैं।उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण हटाने में दोहरे मानक दिखाई दिए तो प्रशासन के खिलाफ ईंट से ईंट बजाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता तैयार हैं। वह भी चाहते हैं कि शहर को जाम मुक्त बनाया जाय लेकिन कार्यवाही सिर्फ गरीबों पर हुई तो वह चुपचाप नहीं बैठेंगे उन्होंने प्रशासन को आगाह किया है अतिक्रमण हटाने के नाम पर सिर्फ गरीबों को सताया गया तो वह सड़क पर उतरेंगे।