
गैर प्रान्त के यात्री कर रहे आवभगत की सराहना।
सुल्तानपुर।जिले से गुजर रहे श्रद्धालुओं के खान पान व रहने की व्यवस्था में दर्जनों समाजसेवी सन्गठन व प्रमुख दल जुट गए हैं।गैर प्रान्त से आने वाले यात्री इस आवभगत की सराहना कर रहे हैं।
महाकुंभ दर्शनार्थियों की मदद मे अखिल विश्व गायत्री परिवार व अन्य संगठन ने बढ़ाये कदम-
स्वयंसेवियों की अगुवाई में जनपद की तमाम समितियां एवं गणमान्य लोग मिलकर लगातार भोजन वितरण 4 दिन से कर रहे है।अबतक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओ को भोजन वितरण गनपत सहाय विद्यालय में लगे शिविर में किया गया है।आयोजक मंडल के डॉ सुधाकर सिंह ने बताया सबके सहयोग माँ कामाख्या दल,गोमती मित्र मण्डल,घर सुल्तानपुर,अम्बे दल, व्यापार मडंल,अग्रहरि समाज,अग्रवाल समाज, कुशभवनपुर उत्थान समिति आदि संगठन मदद में जुटे हैं।

भाजयुमो भी जुटा यात्रियों के आवभगत में-
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। कुंभ मेले में जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 400 केवीए से लेकर अयोध्या बाईपास तक हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।चंदन सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भोजन व्यवस्था लगातार जारी है और कोई भी यात्री भूखा नहीं रहेगा।इसके अलावा, आराम व दैनिक क्रियाओं के लिए एक मैरिज लॉन भी खुलवाया गया है, जहां विशेष रूप से कोलकाता,पश्चिम बंगाल, गुजरात एवं अन्य प्रदेशों से आई महिला यात्रियों के ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है।उन्होंने सेवा कार्यों में जुटे सभी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा सर्वोपरि है। भाजपा युवा मोर्चा की टीम श्रद्धालुओं की हर समस्या का तत्काल समाधान कर रही है ताकि उनकी यात्रा सुगम बन सके।

भाजपा द्वारा कुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सेवा अभियान जारी-
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व और जिलाध्यक्ष डॉ.आर.ए. वर्मा के निर्देशानुसार कुंभ मेले में जाने और लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन सेवा की व्यवस्था निरंतर जारी है। यह सेवा महाराणा प्रताप इंटरमीडिएट कॉलेज, उतुरी (प्रयागराज मार्ग) पर चल रही है,जहां भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में लगे हुए हैं।भाजपा एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, दूबेपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अखिलेश सिंह डिंपल समेत अन्य कार्यकर्ता इस सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन एवं जलपान उपलब्ध कराकर यात्रा को सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि “सेवा ही संगठन” की भावना के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरसंभव मदद की जा रही है। पार्टी नेतृत्व का भी यही संकल्प है कि कोई भी श्रद्धालु भूखा न रहे और उन्हें यात्रा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो।
सेवाभाव से यात्रियों की मदद में जुटा पंचायत महकमा
जिला पंचायतराज अधिकारी अभिषेक शुक्ल के निर्देश पर अयोध्या प्रयागराज मार्ग पर मुजेश व पुरखीपुर समेत कई पंचायत भवनों पर प्रधान व सचिव के नेतृत्व में भोजन व रहने की व्यवस्था श्रधालुओ के लिए की गई है।इससे गैर प्रान्तों से आने वाले यात्री प्रसन्न है।