Saturday, April 19, 2025
Light
Dark

सुल्तानपुर में केंद्र सरकार के विरोध में कांग्रेसियों ने निकाला मशाल जुलूस:पुलिस प्रशासन ने किया लाठी चार्ज, दर्जन भर घायल.

  • किसी को भी मशाल जुलूस निकालने की इजाजत नहीं-एसपी
  • कांग्रेसियो पर चला पुलिस का हंटर।
  • -डेढ़ घंटे तक चला कांग्रेस कार्यालय के सामने हाई वोल्टेज ड्रामा,दर्जनों अरेस्ट।

सुल्तानपुर।मशाल जुलूस के दौरान मशाल छीनने पर कांग्रेसी भड़क उठे। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के सामने कांग्रेसी सड़क पर लेट गए और डेढ़ घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ । कई कांग्रेसियों को चोटें आई हैं। वही छीना झपटी के दौरान एक दरोगा व कई कांग्रेसी मशाल की चपेट में आ गए। कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर पुलिस कानूनी कार्रवाई शुरू कर रही है।वही एसपी सोमेन ने बताया कानून को हाथ में लेने की किसी को इजाजत नहीं है।

जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के सामने जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में यूथ ब्रिगेड के युका जिलाध्यक्ष वरुण मिश्रा, राजेश तिवारी,अमोल बाजपेई, रणजीत सिंह सलूजा , दिनेश मिश्रा,शकील अंसारी,सुब्रत सनी,मानस तिवारी,फिरोज अहमद,ओपी दुबे,शीतला साहू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी एकत्र हुए और मशाल जुलूस निकालने की तैयारी होने लगी। मशाल जुलूस रोकने के लिए नगर कोतवाली पुलिस पहुंची। सीओ सिटी राघवेंद्र चतुर्वेदी और नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय के रोकने पर जबरन मशाल जुलूस कांग्रेसी निकालने लगे। इसी दौरान कांग्रेसी और प्रशासनआमने-सामने हो गए। पुलिस की तरफ से हल्की लाठी भांजने पर कई कांग्रेसियों को चोटें आई हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वही मशाल जलने के दौरान सीता कुंड चौकी इंचार्ज शरदेंदु दुबे आग से झुलस गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के सामने लगभग डेढ़ घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा सड़क पर लेट गए और कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस के खिलाफ कांग्रेसियों का आक्रोश साफ झलक रहा था। लाठीचार्ज के विरोध में पुलिस पर गोली चलाने का आवाहन कांग्रेस कार्यकर्ता की तरफ से किया जा रहा था। यह माना जा रहा है कि कांग्रेसी काफी उबाल में थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुछ दिनों पहले पुतला फूंकने की वजह से पुलिस कर्मी भी काफी सतर्क और सजग नज़र आ रहे थे।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन बी प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, एसडीएम सदर सीपी पाठक समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। डेढ़ घंटे के अंतराल के बाद पुलिस गिरफ्तारी वैन में कांग्रेसियों को लेकर अज्ञात स्थल की तरफ रवाना हुई है। इस दौरान डाकघर चौराहे से एमजीएस चौराहे की भी जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की दर्जन भर से अधिक गाड़ियां मौजूद रहे। एडीएम प्रशासन ने बताया कि कोई भी अनुमति नहीं दी गई थी।

  • मशाल जुलूस गंभीर कृत्य, किसी को इजाजत नहीं- एसपी

एसपी सोमेन बर्मा का कहना है कि विरोध के और भी तौर तरीके हैं।मौन,कैंडल जुलूस आदि के जरिए विपक्ष विरोध करता आया है।फिलहाल कोई भी प्रदर्शन की अनुमति कांग्रेसियों ने नही ली थी।रही बात मशाल जुलूस निकालने की तो इसकी इजाजत कतई नहीं दी जाएगी।किसी को भी कानून को हाथ में लेने नही दिया जायेगा।एसपी की माने तो मशाल जुलूस देश के खिलाफ है।जो क्षम्य नही है।फिलहाल कांग्रेसियों का सरकार विरोधी यह प्रदर्शन विफल रहा हैं।